कोर गांव के ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने शनिवार को मोर्चा खोल दिया। गांव की आबादी से सटे इलाके, काली मंदिर और डीह बाबा स्थान से सटकर कूड़ा घर बनाने से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेताया कि अगर कूड़ा घर दूसरे स्थान पर नहीं बनाया गया तो गांव के लोग डीएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन को विवश होंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत में पर्याप्त जमीन होने के बाद भी ग्राम प्रधान राजनीतिक दुर्भावना से ग्रस्त होकर कूड़ा घर का निर्माण घरों एवं आबादी से सटे इलाके में करा रहे हैं। उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने पर ग्राम प्रधान गलत रिपोर्ट लगवाकर निस्तारण करवा देते हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद निर्माण कार्य इस समय रुका हुआ है। कूड़ा घर बनने से दुर्गंध झेलने के साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलेंगी। अर्धनिर्मित कूड़ा घर के पास प्रदर्शन नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दूसरे स्थान पर निर्माण नहीं किया गया तो जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर रामजतन चौहान, अंगद मौर्य, निरमा माैर्य, अरविंद चौहान, बबलू चौहान, राजकुमार चौहान, सूरज चौहान, रीता देवी, मंशा देवी, पिंटू चौहान सहित ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह ने बताया कि ग्रामसभा में कहीं उपयुक्त जमीन न होने की स्थिति में लेखपाल की स्वीकृति पर वहां कूड़ा घर का निर्माण हो रहा है। खंड विकास अधिकारी कौस्तुभमणि पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।