कासिमाबाद विकास खंड बाराचवर के ग्राम पंचायत सत्य नगर के दर्जनों पुरुष एवं महिलाएं शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर ग्राम प्रधान के ओर से प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य योजनाओं में कमीशन मांगे जाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जांच कर ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को उपजिलाधिकारी कासिमाबाद ने खंड विकास अधिकारी बाराचवर को जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया।
बाराचवर विकासखंड के सत्य नगर ग्राम पंचायत के ग्रामीण वकील कुमार के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। वहीं ग्राम प्रधान बसावन राम के साथ सचिव पर गम्भीर आरोप लगाया। इन आरोपों में प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र व्यक्तियों से दस हजार रुपये की धनराशि वसूली जा रही है। मना करने पर आवास काटने की धमकी दे रहे हैं। इसी तरह से सरकारी हैंडपंपों को कुछ चहेते लोगों के घर में लगवा दिया गया है। जिससे गांव के लोगों को पानी पीने में असुविधा हो रही है। इसी गांव की सविता देवी ने आरोप लगाया कि उन्हें पशु शेेड निर्माण के लिए एक लाख 24 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे। एक लाख रुपये मुझे मिल गए। जबकि कमीशन के रूप में 12 हजार रूपये जेई को दिया गया, पांच हजार ब्लॉक के अधिकारी लिए है। बताया कि एक बिल्डिंग मैटेरियल वाले ने शेड निर्माण में 24 हजार लिया था, वापस नहीं कर रहा है। इसके लिए कई बार थानाध्यक्ष बरेसर के पास गई। लेकिन मेरा कोई सुनने वाला नहीं है। सभी समस्याओं से संबंधित पत्रक ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी कासिमाबाद कमलेश कुमार सिंह को सौंपा। उप जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि खंड विकास अधिकारी बाराचवर से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इस प्रदर्शन में धन्नू कुमार, उमेश कुमार, आशीष, इंद्रजीत राम, आकाश कुमार, राहुल कुमार, आशीष राम, सीता देवी, रीना देवी, सीता देवी, रामावती देवी, राधिका देवी आदि लोग थे।