प्राथमिक विद्यालय रंजीतपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कक्षा के दौरान एक अध्यापक आराम से सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। पढ़ाई के समय शिक्षक के सोने से अभिभावकों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, वहीं इस तरह की लापरवाही बरतेंगे तो शिक्षा व्यवस्था कैसे सुधरेगी। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं। मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी (मनिहारी) हेमवंत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। वीडियो की जांच कराई जा रही है और तथ्य सामने आने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीएसए उपासना रानी वर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।