शहीद पार्क में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से सप्त शक्ति संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी और असिस्टेंट प्रोफेसर शिवांगी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रो. शिवांगी सिंह ने कहा कि हमें अपने जन्म के उद्देश्य, जीवन के लक्ष्य और भारत माता के प्रति कर्तव्यों को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज अधिकतर लोग मोबाइल में उन लोगों के बारे में जानने में लगे हैं, जिन्हें वह जानते नहीं। उन्होंने आत्म-ज्ञान पर बल देते हुए कहा कि हमें स्वयं को जानना चाहिए, न कि दूसरों को। उन्होंने बताया कि 1936 में लक्ष्मीबाई केलकर ने राष्ट्र सेविका समिति का गठन किया था, जिसका उद्देश्य अपने परिवार के दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश के लिए एक सच्ची लगनशील महिला का निर्माण करना था। उन्होंने मां सीता का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाएं अपने परिवार की कीर्ति को आगे बढ़ा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि जिस समझ से वह परिवार को आगे बढ़ा रही हैं, उसी तरह समाज को आगे बढ़ाने में भी सहयोग करें। इससे पहले सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर डॉ. आस्था साक्षी और नीलम चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। अध्यक्षता समाजसेविका मीरा राय ने की। संचालन श्वेता पांडेय ने किया। प्रधानाचार्य हरिकेश सिंह ने आगंतुकों का स्वागत किया। पायल ने आभार व्यक्त किया।