जिले में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन सुबह से लेकर रात तक रुक-रुककर हो रही बारिश से सब्जी की फसल चौपट हो गई। ऐसे में सब्जियों के भाव बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। बैगन, टमाटर, भिंडी, नेनुआ, करेला, परवल, लतरा, लौकी और कोहड़ा सहित अन्य सब्जी की फसल नुकसान होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है। कहा कि लागत भी निकाल पाना मुश्किल हो गया है। भिक्खीचौरा के धनंजय सिंह बाचा ने बताया कि किसानों की खेतों में बोई गई सब्जियों के लिए यह बरसात पूरी तरह से अभिशाप साबित हो रही है। सब्जियों के खेत में पानी भर जाने से किसानों की कमर टूट गई। भगीरथपुर के राकेश यादव ने कहा कि लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से सब्जी की विभिन्न फसलों को काफी क्षति पहुंची है। इस कारण किसानों के सामने विकट स्थिति पैदा हुई है। किसान अपनी सब्जियों को औने-पौने दाम पर बेच रहे हैं। रेवतीपुर के मदनराय ने कहा कि बेमौसम बारिश से नेनुआ, कद्दू, लौकी, करेला, परवल सहित अन्य सब्जियां बर्बाद हो रही है। ऐसे में लागत भी नहीं निकलने की संभावना अधिक हो गई है। पटकनियां के विनोद सिंह ने कहा कि बारिश ने किसानों की वर्ष भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। इस कारण हो रही फसलों के नुकसान ने किसान चिंतित हैं।