गाजीपुर। जिले में युवाओं के वैक्सीनेशन के लिए 18 हजार वायल मिलेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए शासन को डिमांड भेजी है। जहां 12 जून को 18 हजार वायल मिलने की उम्मीद है। वहीं 14 जून से युवाओं का टीकाकरण शुरू होगा। इसके लिए 13 जून से आनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है। उधर, 45 वर्ष से ऊपर के लोगों का टीकाकरण लगातार किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने दो माह तक जनपद को ऐसा चपेट में लिया था कि रोजना 500 से ऊपर संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंचने लगी थी। वहीं मौत के आंकड़े में भी लगातार वृद्धि हो रही थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें काफी बढ़ गई थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद डीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन, जांच एवं मेडिकल किट वितरण को लेकर महा अभियान चलाया। इसका परिणाम सुखद रहा और संक्रमण की चेन टूटने लगी। इसी दौरान शासन की ओर से 18 वर्ष से 44 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू करने का निर्देश जारी किया गया था। एक जून से शुरू वैक्सीनेशन के इस अभियान में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नौ जून को कोविड वैक्सीन का वायल समाप्त हो गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने डिमांड शासन को भेजी। मालूम हो कि वैक्सीनेशन न होने पर युवाओं ने नौ जून को जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय में हंगामा किया था। सीएमओ डा. जीसी मौया ने बताया कि 14 जून से युवाओं को टीका लगना शुरू हो जाएगा। 12 जून तक 18 हजार वायल मिलने की उम्मीद है। वायल आने के बाद एक बार फिर अभियान चलाकर पंजीकृत युवाओं का टीकाकरण किया जाएगा।