सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के सतरामगंज बाजार में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर द्वारा कार्यालय से अटैच कमरे में बंद होकर गर्दन और हाथ को चाकू से काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया गया। साथियों ने दरवाजे की कुंडी को तोड़कर मैनेजर बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया। कैश फार माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक शिवबरन आर्य निवासी कौशाम्बी देर शाम कमरे में सोए थे। इस दौरान उन्होंने गर्दन और हाथ पर चाकू से वारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। बैंक के अन्य कर्मचारी बाजार में सब्जी लेने गए थे। जब वापस लौटे तो उन्हें लहूलुहान अवस्था में पड़े देखा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।