बिरनो सीएचसी पर पुलिस सुरक्षा के बीच उतरता कोविड-19 का वैक्सीन ।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले के 19 केंद्रों पर 28 जनवरी को 4675 चिह्नित लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। वहीं 29 जनवरी को भी टीकाकरण अभियान जारी रहेगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा चार एवं पांच फरवरी को भी होने वाले वैक्सीनेशन को लेकर माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। कोविड-19 का टीकाकरण 28 एवं 29 जनवरी को होगा। विभाग की ओर से 28 जनवरी को 4675 और 29 को 3500 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। दो दिनों के अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 16 ब्लाकों पर स्थित सीएचसी-पीएचसी के अलावा जिला व महिला अस्पताल एवं शहर के एक निजी अस्पताल में टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए 47 टीमों को लगाया गया है। टीकाकरण के अभियान की शुरूआत 16 जनवरी को हुई थी। इसके बाद दूसरे चरण में 22 जनवरी को भी टीका लगाया गया था। टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल हैं। टीकाकरण के लिए सूची ब्लाकों एवं वैक्सीनेशन सेंटरों को उपलब्ध करा दी गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि मंडलीय अस्पताल वाराणसी से 26 जनवरी को कोल्ड चेन के माध्यम से 12 हजार 450 वैक्सीन उपलब्ध कराए गए हैं।