रेवतीपुर विकास खंड अंतर्गत कालूपुर गांव के हरिजन बस्ती में ग्राम समाज की भूमि पर गांव के ही कुछ दंबग लोगों ने कब्जा कर रखा था। जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान मनोज यादव ने बीस जून को पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता ने मंडलायुक्त और डीएम को पत्र भेजकर तत्काल अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया।
प्रमुख सचिव का पत्र मिलते ही शुक्रवार को जमानिया एसडीएम राजकुमार ने दंबगों द्वारा ग्रामसभा की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया । गांव के हरिजन बस्ती में खाली पड़ी ग्राससभा की जमीन पर गांव के ही कुछ दंबगों ने कब्जा कर कच्चा मकान और झोपड़ी बनाया था। इसके चलते रास्ता अवरुद्ध होने के साथ ही जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई थी। ग्राम सभा की जमीन को खाली कराने के लिए जनपद के अधिकारियों से गुहार लगाई गई थी पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो प्रधान ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से पत्र के माध्यम से की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव अमित गुप्ता ने बीते 18 अगस्त को वाराणसी के मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण और जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार हर्ष नारायण, प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, प्रधान मनोज यादव, शीला तिवारी, रवींद्र प्रसाद लाल, लेखपाल सागर कुशवाहा, बृजकिशोर आदि मौजूद रहे।एसडीएम जमानिया राजकुमार ने बताया कि कालूपुर गांव की सार्वजनिक जमीन पर कुछ अराजक तत्वों ने कब्जा जमा लिया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर जमीन को खाली करा दिया गया है।