लखनऊ एवं करीमुद्दीनपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना और करोड़ों की ठगी करने वाले 15 हजार के इनामी उपेंद्र राय ने सोमवार को करीमुद्दीनपुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसने अपने पिता, माता, पत्नी और साली के साथ मिलकर लोगों से करोड़ों रुपये ठगे। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
गोड़ऊर गांव निवासी उपेंद्र राय द्वारा मुंबई में किए गए 52 लाख रुपये के गबन के मामले में करीमुद्दीनपुर पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही थी। विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी उपेंद्र राय अपनी पत्नी मयूरी राय और साली सृष्टि राय के साथ मिलकर फर्जी डायरेक्टर बनकर ये रुपये हड़प लिए थे। पैसा मांगने पर जान माल की धमकी दिया गया था।
पुलिस ने कुछ माह पूर्व आरोपी के पिता को बिहार एवं साली को बलिया से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। और मुख्य आरोपी उपेंद्र राय की तलाश की जा रही थी। इधर न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ अजमानतीय अधिपत्र और धारा 82 सीआरपीसी के तहत आदेश 27 सितंबर को जारी की गई थी, जिसका तामिला विवेचक द्वारा कराया जा चुका है। इसके बाद भी वह हाजिर नहीं हुआ था।
धारा 82 सीआरपीसी का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके ऊपर पुलिस द्वारा 15000 का इनाम भी घोषित था। न्यायालय ने आरोपी की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश पारित किया था। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि आरोपी उपेंद्र राय ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।