सोशल मीडिया पर ईवीएम बदले जाने से जुड़ा ऑडियो वायरल होेने से खलबली मची है। वायरल ऑडियो में बातचीत करने वाले कर्मचारी का चंदौली से कनेक्शन सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है।
जिलाधिकारी संजीव सिंह की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह स्पष्ट किया गया है कि जनपद के निर्वाचन कार्मिकों को किसी भी अन्य जनपद में चुनाव कराने के लिए नहीं भेजा गया था और न ही किसी अन्य जनपद से ऐसी मांग की गई थी।
वायरल आडियो का चंदौली के जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। विदित हो कि सोशल मीडिया में वायरल आडियो में दो व्यक्तियों की बातचीत में यह दावा किया जा रहा है कि जनपद का कार्मिक अन्य जनपद में चुनाव ड्यूटी पर तैनात है। उसपर ईवीएम बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। दूसरी ओर, स्थानीय जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित आडियो का जनपद से कोई लेना-देना नहीं है।
भदोही में मतदान दिवस पर कथित रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश पांडेय का ऑडियो वायरल हो जाने से भाजपा नेताओं में खलबली मची हुई है। वायरल ऑडियो में वे न केवल भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी को हराने के लिए कह रहे हैं बल्कि पूर्व विधायक पर कई आरोप भी लगा रहे हैं।
लगभग 63 सेकेंड के इस ऑडियो में सामने वाले से कह रहे हैं वे बीजेपी के नहीं हैं। उनको हराना जरूरी है। ऑडियो वायरल होने के साथ ही भाजपा नेताओं में खलबली मची हुई है। उधर, ओम प्रकाश पांडेय ने वायरल ऑडियो से किनारा कर लिया है।
साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार को पत्र लिख कर किसी के द्वारा उनके फर्जी आवाज में ऑडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि वायरल अॅाडियो की जांच कराई जा रही है।