गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा इस बार 196 केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर फाइनल सूची शिक्षा निदेशालय भी भेज दी गई है। हाल ही में प्रस्तावित सेंटरों के स्थलीय सत्यापन के दौरान 43 केंद्र बदल दिए गए हैं। वहीं सत्यापन के दौरान मौके पर गड़बड़ी मिलने पर सात केंद्रों को रद कर दिया गया है।
फरवरी माह में प्रस्तावित परीक्षा में जनपद के 1 लाख 44 हजार 379 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। इसके लिए ऑनलाइन 203 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई थी। सूची को लेकर 428 आपत्तियां आईं। सबसे अधिक 293 आपत्तियां सेंटर के दूरी को लेकर आईं। केंद्र न बनाने के लिए 100, केंद्र बनाने के लिए 9 और अन्य कारणों से 26 आपत्तियां आईं। निस्ताण के लिए शिक्षा विभाग ने तहसील स्तर पर कमेटी गठित की। टीम 20 नवंबर तक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी। इसमें कुल 43 परीक्षा केंद्र में गड़बड़ी मिलने पर उन्हें बदल दिया गया, जिसमें राजकीय के तीन, वित्त पोषित के 11 और स्व वित्त पोषित के 29 सेंटरों को बदल दिया गया। हालांकि राजकीय विद्यालय के दो, वित्त पोषित के 11 और स्व वित्त पोषित के 8 केंद्र बढ़ा दिए गए। इस तरह से पहले बनाए गए कुल 203 परीक्षा केंद्रों की जगह फाइल सूची में 196 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो गया है। 196 परीक्षा बनाए गए हैं। इसकी सूचना बोर्ड को भेज दी गई है।
एक नजर में : जिले में कुल परीक्षा केंद्र-196
राजकीय विद्यालय- 12
वित्त विहीन- 74
वित्त पोषित विद्यालय-110
परीक्षा वर्ष 2025 की छात्र संख्या पर एक नजर
परीक्षा वर्ष-कक्षा-संस्थागत-व्यक्तिगत-योग
2025-10-67191-167-67358
2005-12-74963-2058-7702
पिछले से वर्ष बने थे 218 परीक्षा केंद्र
वर्ष 2024 की परीक्षा में 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें 10 राजकीय, 75 वित्त पोषित और 133 वित्त विहीन विद्यालय शामिल थे। 1 लाख 49 हजार 174 विद्यार्थी थे। बीते वर्ष की तुलना में इस बार 4795 छात्रों की संख्या कम हुई है।