शहर के महुआबाग स्थित नाले का कार्य अधूरा रहने से नाराज व्यापारियों ने समाजसेवी एवं कर्मचारी नेता विवेक सिंह शम्मी के नेतृत्व में बाजार में चक्काजाम किया। अधिशासी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर 10 जनवरी तक काम शुरू होने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि इस नाले को लेकर पहले भी आंदोलन किया गया था। उस दौरान कहा गया था कि 31 दिसंबर तक नाले का निर्माण कार्य पूरा करा दिया जाएगा। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी कार्य पूरा नहीं
किया गया हैै। कार्य पूरा न होने से व्यापारियों को परेशानी हो रही है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी जयप्रकाश यादव ने बात की तथा संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलवाया।
ठेकेदार ने अधिशासी अधिकारी के सामने वहां के लोगों एवं व्यापारियों से वादा किया कि 10 जनवरी से अधूरा कार्य शुरू कराकर जल्द से जल्द नाले का निर्माण कार्य खत्म किया जाएगा। वहां पहुंचे सब इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी को
व्यापारियों ने संबंधित ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्रक दिया। इससे पहले नाराज व्यापारियों ने श्री सिंह के नेतृत्व में सड़क पर बेंच रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान व्यापारी पालिका परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। चक्काजाम के समय अनिल सिंह, मणि, इंदीवर वर्मा, अजय वर्मा, अनूप, मनोज, अभिनव आदि उपस्थित थे।