गाजीपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से प्राप्त पत्र एवं चयनित खिलाड़ियों की सूची के अनुपालन में इस वर्ष अंडर-23 (पुरुष) का जोनल ट्रायल स्थानीय स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित जीडीसीए मैदान पर 25 जुलाई को दो सत्रों में होगा। जीडीसीए के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि ट्रायल में यूपीसीए की ओर से अनुमोदित सूची में अंकित खिलाड़ियों को ही प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा।
जीडीसीए के चेयरमैन एवं यूपीसीए की एपेक्स काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने बताया कि जोनल ट्रायल में गाजीपुर (गाजीपुर, बलिया, मऊ) के अतिरिक्त इलाहाबाद (इलाहाबाद, मिर्ज़ापुर, चित्रकूट एवं भदोही), जौनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, गोरखपुर, देवरिया और वाराणसी (वाराणसी एवं चंदौली) के चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। पहले सत्र में गाजीपुर, वाराणसी एवं आजमगढ़ और दूसरे सत्र में सोनभद्र, देवरिया, जौनपुर, गोरखपुर एवं इलाहाबाद के चयनित खिलाड़ियों का जोनल ट्रायल एसोसिएशन के वरिष्ठ एवं अनुभवी चयनकर्ताओं की उपस्थिति में होगा। जीडीसीए के सचिव डॉ. उमेश चंद्र राय ने बताया कि प्रथम सत्र में गाजीपुर, वाराणसी एवं आजमगढ़ के सभी खिलाडी नियत तिथि 25 जुलाई को सुबह 6:30 बजे और द्वितीय सत्र में शामिल सोनभद्र, देवरिया, जौनपुर, गोरखपुर एवं इलाहाबाद के खिलाडी सुबह 10 बजे तक अपने मूल आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाणपत्र के साथ उपस्थित हों। द्वितीय सत्र के खिलाडी अगर समय से पूर्व आ जाते हैं तो उस स्थिति में पहले भी उन्हें ट्रायल में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जा सकता है।