जमानिया गाजीपुर-जमानिया रोड पर खिदिरपुर के पास शनिवार की सुबह करीब सात
बजे ट्रक के चपेट में आने से लखनपुर निवासी सब्जी विक्रेता की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी होने पर घटनास्थल पर
जुटे लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में एसडीएम ने मुआवजा
दिलाने का आश्वासन देकर चार घंटे बाद जाम खत्म कराया। हाईवे जाम के चलते
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
लखनपुर गांव निवासी ओमप्रकाश
यादव उर्फ सुतरू (55) सब्जी का व्यापार करता था। शनिवार तड़के वह साइकल पर
सब्जी लादकर उसे बेचने ताजपुर बाजार जा रहा था। अभी वह खिदिरपुर गांव के
पास पहुंचा ही था कि गाजीपुर से जमानिया की तरफ जा रहे ट्रक ने उसे रौंद
दिया।
हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक
लेकर भाग निकला। मामले की जानकारी होने पर खिदिरपुर और लखनपुर गांव के बड़ी
तादात में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक के परिवार वालों को मुआवजा
देने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
नाराज ग्रामीण प्रशासन के
किसी बड़े अधिकारी को मौके पर बुलाने पर अड़े थे। घटना की जानकारी होने पर
एसडीएम कैलाश सिंह और क्षेत्राधिकारी समेत जमानिया की पुलिस मौके पर
पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं
मानें। इस दौरान एसडीएम ने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद मृतक के
परिवार वालों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 11 बजे
चक्काजाम खत्म हुआ।