गाजीपुर। शहर के मिश्रबाजार में स्थापित 100 बेड के महिला अस्पताल में सितंबर माह के अंतिम सप्ताह से करीब 30 वर्ष बाद अल्ट्रासाउंड का संचालन शुरू हो जाएगा। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर भी मेडिकल काॅलेज प्रशासन प्रक्रिया में जुटा है। अल्ट्रासाउंड शुरू हो जाने से महिला मरीजों को सहूलियत होगी। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध 100 बेड के महिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 500 से 600 के आसपास महिला मरीज उपचार कराने पहुंचती हैं। रोज 50 से 60 महिला मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए जांच कराने के लिए डॉक्टर सलाह देते हैं। अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था न होने से महिला मरीजों को पांच से छह किमी दूर 200 बेड के पुरुष अस्पताल अथवा निजी केंद्रों पर जाना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड का संचालन न होने से महिला मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मेडिकल काॅलेज से संबंद्ध होने से पूर्व भी अल्ट्रासाउंड की जांच की सुविधा नहीं थी। महिला मरीजों की परेशानी को देखते हुए अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू करने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। सितंबर माह के अंतिम सप्ताह तक अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो जाएगी। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। इसका लाभ महिला मरीजों को मिलेगा।