गाजीपुर। जिले के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पहली घटना करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के उत्तमपुर गांव के पास मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर टेंपो और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर के दौरान हुई, जिसमें उत्तमपुर गांव निवासी हरिशचंद्र मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गये। वहीं, दूसरी घटना नोनहरा थाना क्षेत्र के कैथवलिया चट्टी पर बुधवार को सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन के धक्के से एक युवक की मौत हो गई।
नोनहरा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि, बहराइच जनपद निवासी दीपक कुमार (23) बवाड़े स्थित एक सीमेंट ईंट फैक्ट्री में काम करता था। कैथवलिया चट्टी पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन के धक्के से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करीमुद्दीनपुर एसओ रमेश पटेल मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ट्रैक्टर और टेंपो आपस में फंस गए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद अलग कर पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने भेज दिया।