गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सैदपुर और महाराजगंज में एक-एक अंडरपास का निर्माण होगा। एनएचआई की ओर से तैयार प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। दोनों अंडरपास के निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके बनने से आसपास के 40 गांवों के करीब 1.10 लाख लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन की लंबाई जनपद में 119 किलोमीटर है। फोरलेन पर प्रतिदिन सभी प्रकार के 42 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सैदपुर और महाराजगंज के पास लंबे समय से अंडरपास की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए एनएचआई ने दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। विभाग का दावा है कि जल्द ही दोनों जगहों पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
-
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर सैदपुर और महाराजगंज में एक-एक अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।- अजय सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचआई।