कार्रवाई के दौरान ईशोपुर में बरामद हुए सिलिंडरों के साथ डीएसओ अनंत प्रताप सिंह। संवाद
गाजीपुर/औडिहार। जिला पूर्ति विभाग ने मंगलवार को अवैध गैस सिलिंडर भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग चार स्थानों पर छापा मारा। जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित दो टीमों ने वाराणसी-गाजीपुर हाईवे स्थित ग्राम ईशोपुर समेत कुसुही और सिधौना गांव में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 82 सिलिंडर बरामद किए गए, जिनमें 68 भरे, दो आंशिक भरे और 12 खाली सिलिंडर शामिल हैं। डीएसओ अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि ईशोपुर में हाईवे के दोनों ओर स्थित दो मकानों में एक साथ छापा मारा। पहले मकान से 45 सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें 43 भरे और दो आंशिक भरे थे।
वहीं दूसरे मकान से 27 व्यवसायिक सिलिंडर मिले, जिनमें 21 भरे और छह खाली थे। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में व्यावसायिक सिलिंडरों का अवैध भंडारण पाया गया। इसके अलावा ग्राम कुसुही (हथौड़ा) में एक व्यक्ति के घर के अहाते से छह घरेलू (चार भरे, दो खाली) और एक व्यवसायिक सिलिंडर बरामद किया। वहीं सिधौना स्थित महादेव मिष्ठान भंडार से चार घरेलू खाली रसोई गैस सिलिंडर जब्त किए गए। डीएसओ ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम में इंस्पेक्टर श्याम मोहन सिंह व एआरओ शरद चंद दुबे आदि शामिल रहे।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोमवार को भी पूर्ति विभाग ने दो स्थानों पर छापा मारकर 18 सिलिंडर बरामद किए थे। इनमें मनिहारी ब्लॉक के हंसराजपुर स्थित संदीप स्वीट्स हाउस से 10 और गहमर के शिवगति स्वीट्स व अमन स्वीट्स से आठ सिलिंडर मिले थे। जिले में पूर्ति विभाग की ओर से लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध गैस कारोबारियों में मचा है।