माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की मानव विज्ञान तथा दूसरी पाली में इंटर के छात्रों की रसायन विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में सह जिला विद्यालय निरीक्षक के दस्ते ने अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए दो परीक्षार्थियों को पकड़कर उन्हें रस्टीकेट कर दिया।
इसके अलावा वित्त लेखाधिकारी एवं राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य के दस्ते ने 11 कक्ष निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया जबकि पांच अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का संबंधित को निर्देश दिया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में आज पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की मानव विज्ञान तथा दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित थी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए गठित सचल दस्तों ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक हृदयराम आजाद ने बताया कि उन्होंने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सह जिला विद्यालय निरीक्षक शिवपूजन द्विवेदी के दस्ते ने जमानिया तहसील क्षेत्र स्थित एक परीक्षा केंद्र पर अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए दो परीक्षार्थियों को पकड़कर उन्हें रस्टीकेट कर दिया। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव के दस्ते ने जखनिया तहसील क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
इस दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छह कक्ष निरीक्षकों को लापरवाही बरतने पर कार्यमुक्त कर दिया, जबकि संदिग्ध भूमिका के चलते दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उनके दस्ते में दयाशंकर सिंह यादव, फसीहा जमानी और वीरेंद्र कुमार शामिल रहे।
डीआईओएस ने बताया कि वित्त लेखाधिकारी दीपक सिंह के दस्ते ने मनिहारी विकासखंड क्षेत्र में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया, जबकि पांच को लापरवाही बरतने पर कार्यमुक्त कर दिया।