थाना क्षेत्र के पतालगंगा चट्टी पर सोमवार की रात दो पक्षों में विद्युत पोल पर केबिल जोड़ने को लेकर लाठी डंडे और्र इंट- पत्थर चले। इसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
बढ़नपुरा गांव निवासी संतोष कुमार गुप्ता धर के बाद लगे बिजली के खंभे पर बिजली का केबिल लगा रहे थे। यह देख दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र चौरसिया इसका विरोध करना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि पहला पक्ष केबिल नहीं जोड़ पाया। इसको लेकर शाम से ही दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। रात में पतालगंगा चट्टी पर इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों परिवार की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडा और्र इंट-पत्थर चलने लगा। मारपीट की घटना में एक पक्ष से संतोष कुमार गुप्ता (34), विनोद कुमार गुप्ता उर्फ टुनटुन (40) और मोनू गुप्ता (24) और दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र चौरसिया (32), कृष्ण कुमार चौरसिया (36), अरविंद चौरसिया (33) और धनंजय चौरसिया (30) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मुहम्मदाबाद सीएचसी भेज दिया। जहां विनोद गुप्ता और मोनू गुप्ता की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।