बहरियाबाद के हाजीपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट के बाद क्षतिग्रस्त भगवान श्रीकृष्ण का पंडाल।
- फोटो : GHAZIPUR
बहरियाबाद। थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में मंगलवार की रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा पंडाल में तमंचे के साथ नृत्य करने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होने के साथ मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। उपद्रवियों ने टेंट और पूजा मंडप क्षतिग्रस्त कर पूजा सामग्री भी बिखेर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर सात का चालान कर दिया। साथ ही अन्य की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं तमंचा बरामद करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गांव में टेंट लगाकर पूजा पंडाल बनाया गया था। साथ ही इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। देर रात नृत्य का कार्यक्रम चल ही रहा था कि एक मनबढ़ युवक खुलेआम हाथ में तमंचा लेकर नृत्यांगना के साथ नृत्य करने लगा, जिसका कुछ युवकों ने विरोध भी किया। इस कारण दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मारपीट एवं पथराव शुरू हो गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पूजा पंडाल में रखी पूजा सामग्री फेंक दी और टेंट क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामनेवास ने बताया कि 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को दबोचने के साथ तमंचा बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल सात लोगों का चालान कर दिया गया है।