दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के गोदसईया गांव में शुक्रवार को दो सगे भाइयों की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणो ने किसी विषैले जंतु के काटने से मौत की आशंका जताई है। एसडीएम ने मौके पर कानूनगो और लेखपाल को भेजकर रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
शुक्रवार की सुबह दिनेश मुसहर के पुत्र चुन्नू (15) और ठाकुर (12) जब सोकर उठे तो उन्होंने शरीर में ऐंठन तथा पेट दर्द होने की शिकायत की। पुत्रों की बात सुनकर मां माधुरी देवी घबरा गई। दोनों को लेकर एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंची। यहां डॉक्टर की ओर से पेट दर्द की दवा दी गई। जब दवा खाने के बाद भी आराम नहीं हुआ तो परिजन सिखड़ी में एक तांत्रिक के यहां लेकर गए। तांत्रिक ने दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए कहा। घबराए परिजन दोनों को लेकर दुल्लहपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। उपचार के दौरान टुन्नू की मौत हो गई। कुछ देर में छोटे भाई ठाकुर ने भी दम तोड़ दिया।
उधर, सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान भुल्लन यादव और अन्य ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना जखनिया एसडीएम कमलेश सिंह को दी गई। ग्रामीणों की ओर से आशंका जताई जा रही है कि रात के समय किसी विषैले जंतु ने सगे भाइयों को काट लिया होगा। एसडीएम की ओर से रिपोर्ट बनाने को लेकर मौके पर कानूनगो और लेखपाल को भेजा गया। इन्होंने पूछताछ कर रिपोर्ट बनाई। जखनिया एसडीएम ने बताया कि दो सगे भाइयों की मौत की सूचना पर मौके पर कानूनगो और लेखपाल को भेजा गया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।