शहर के राधेनगर कॉलोनी में प्रार्थना सभा आयोजित कर चल रहा कार्यक्रम
प्रथम दृष्टया लोगों को बहलाकर धर्म परिवर्तन के प्रयास की बात आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर कोतवाली के राधेनगर कॉलोनी में रविवार को प्रार्थना सभा में लालच देकर धर्म परिवर्तन के प्रयास का खेल चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो लोगों को धर-दबोचा। मामले में दो नामजद और एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को सुबह सूचना मिली कि बंशी बाजार स्थित राधेनगर काॅलोनी में लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा के जरिए बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक आमजनों को बरगला कर धर्म परिवर्तन करने का प्रयास किया जा रहा था। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़े गए विपिन कुमार निवासी कहनौर थाना सराय लखंसी जिला मऊ और राकेश प्रजापति निवासी बंशी बाजार थाना कोतवाली पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस संबंध में एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सुबह शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि राधेनगर कॉलोनी में आयोजित प्रार्थना सभा में भोले-भाले लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में दो लोगों पर नामजद और एक अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है।