गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरेलू कलह से तंग आकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर शनिवार की देर रात विवाहिता सहित दो ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद से परिजनों के बिलखने से दोनों गांवों में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
जंगीपुर संवाददाता के अनुसार मुबारकपुर काजी गांव निवासी माया देवी (30) ने देर रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार यूसुफपुर मंगल बाजार निवासी किरन (35) ने किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि किसी बात से नाराज होकर विवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर लिया।