जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना बिरनो थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें आइस प्लांट में करेंट उतरने से संचालक लोकनाथ गुप्ता (45) की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना जंगीपुर बाजार में ट्रक से कुचलकर बाइक सवार सुमंती देवी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी सुमित्रा देवी (40) अपने बेटे सुनील यादव के साथ बाइक से बाजार जा रही थी। बाजार के पास ही वह ट्रक से टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गई। तभी ट्रक का पिछला पहिया उस पर चढ़ गया और सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इसके साथ ट्रक को भी अपने साथ थाने ले गई। मृत सुमित्रा देवी पत्नी मुनीब यादव ग्राम त्रिलोकपुर थाना जंगीपुर की रहने वाली थी। उसकी मौत से पूरे गांव में जहां शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजन के लोगों में सकते में आ गए।
बिरनो थाना क्षेत्र के गोपालपुर चककपिल निवासी लोकनाथ गुप्ता (45) की करेंट की चपेट में आने से शनिवार को मौत हो गई। लोकनाथ पिछले दस सालों से प्रिया आइसक्रीम की फैैक्ट्री का संचालन करते थे। सुबह करीब सात बजे वह आइसक्रीम फैैक्ट्री में मौजूद थे और कुछ काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक विद्युत करेंट के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोकनाथ की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।