गाजीपुर। जिले के सादात और कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्याकांड का अब तक खुलासा होना तो कारणों की गुत्थी तक पुलिस नहीं सुलझा सकी है। पुलिस सिर्फ परिजनों को जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन देकर इतिश्री कर ले रही है। मालूम हो कि बीते 31 दिसंबर को सादात थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर गांव में किसान महेंद्र यादव की हत्यारों ने हत्या कर दी थी। मृतक के सिर के पीछे, चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। उनका शव खेत से करीब 400 मीटर दूर चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर के पास झाड़ियों में मिला था। इस मामले में मृतक के भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर पुलिस छानबीन में जुट गई थी। जबकि इस मामले में एक माह हो गए, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा होगा। इधर, कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी दीपक राजभर की 11 जनवरी की शाम नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पिता रामअवतार राजभर ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कोतवाल राजनारायण ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।