गाजीपुर। नगर में बृहस्पतिवार को दोपहर में पौन घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। महज दो एमएम की बारिश में ही झंडातर मोहल्ला झील में तब्दील हो गया। सड़क पर भरे घुटने तक गंदे पानी से होकर बच्चे स्कूल से घर पहुंचे। बारिश का मौसम झंडातर मोहल्लेवासियों के लिए आफत है
जब भी बारिश होती है, तब-तब झंडातर मोहल्ले के लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। जबकि इसमें उनका कोई कसूर भी नहीं है। वजह, एक ही है, वह है नाले पर अतिक्रमण। बारिश के कारण नगर के किसी इलाके में दुश्वारी देखने को नहीं मिली। जर्जर सड़कों के गड्ढों में पानी जरूर इकट्ठा हो गए थे, लेकिन झंडातर मोहल्ले में लोगों को आवागमन करते हुए परेशानी का सामना करते हुए देखा गया। हल्की बारिश होने पर भी झंडातर मोहल्ले में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होने पर मुहल्ले के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मार्ग पर जलभराव से दुकानदारी ठप हो जाती है, यह समस्या बीते कई वर्षों से है। अब तक समस्या का निदान नहीं किया गया। अक्सर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से मुहल्लेवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है। गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।