जमानिया कोतवाली और दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में ठंड लगने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक तरफ जहां पुरुष के परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया, वहीं महिला के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी।
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवरिया में मैनाथ राम (43) पुत्र शिवदेनी राम का सोमवार सुबह गेहूं के खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान दिन में करीब दस बजे वह कांपने लगा। तबियत बिगड़ने पर वह लड़खड़ाते हुए खेत से घर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में गिरकर वह बेहोश हो गया।
इसकी जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मैनाथ मजदूरी और खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
उधर दुल्लहपुर के जफरपुर गांव की निवासी रामअवध की पत्नी गिरजा देवी (45) रविवार को दवा लेने के लिए मऊ गई थी। ट्रेन लेट होने की वजह से वह देर शाम सात बजे घर पहंची। अचानक उसे पेट में दर्द के साथ उल्टी होने लगा। ऐसे होने पर परिवार को लोगों को यह समझने में देर नहीं लगी कि उसे ठंड लगी है। लोग उसे उपचार के लिए ले जाने की सोच ही रहे थे कि मौत हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी।