जमानिया। बिहार के मोहनिया से हेरोइन लाकर जनपद और आस-पास के इलाकों में बिक्री करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को एएनटीएफ और कोतवाली की संयुक्त टीम ने मथारे चट्टी के पास से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से करीब 1.40 करोड़ रुपये का 520 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ सुरेंद्रनाथ सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार यादव के साथ टीम देवरिया चौकी के आसपास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर खिजिरपुर स्थित मथारे चट्टी के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बिहार प्रांत के कैमूर जनपद के रामगढ़ निवासी अविनाश कुमार और राजू कुमार रावत बताया।
दोनों ने बताया कि वह हेरोइन की खेप बिहार के मोहनिया से लाकर गाजीपुर और आसपास के जिलों में बेचते हैं। दोनों तस्करों के पास से 520 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 40 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करों के पास से पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली दो बाइक भी बरामद की है। कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि दोनों तस्करों से पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।