गहमर में सीज किया गया मेडिकल स्टोर व अस्पताल। संवाद
गाजीपुर/गहमर। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को जनपद में दो अवैध अस्पतालों को सील कर दिया। संचालकों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही अवैध रूप से संचालित हो रहे दो अवैध अस्पतालों, एक डायग्नोस्टिक सेंटर व एक मेडिकल संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि जांच में न्यू डायग्नोस्टिक सेंटर जलालाबाद का संचालन नियम को दरकिनार करके करते हुए पाया गया। संबंधित सीएचसी प्रभारी की ओर से संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दुल्लहपुर थाने में तहरीर दी गई है। इसी तरह मिनी ग्लोबल हास्पिटल बहादुरगंज, रूपरांश हास्पिटल बहादुरगंज व शुभावती मेडिकल हाल का संचालन नियम को ताक पर रखते हुए पाया गया। इस प्रकरण में कासिमाबाद थाने में तहरीर दी गई है। दिलदारनगर में अवैध तरीके से अस्पताल संचालित करने पर संचालक डॉ. मु. नूरआलम के खिलाफ दी गई तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अस्पताल को सील कर दिया गया। गहमर गांव स्थित मधुकर राय पट्टी में एमके राणा अस्पताल व मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। इस दौरान अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया। जांच में पाया गया कि अस्पताल के अंदर बायो मेडिकल वेस्ट का प्रबंधन नहीं किया गया है। न अग्निशमन यंत्र मिला और न ही दमकल विभाग की एनओसी मिली। अस्पताल में जगह-जगह गंदगी पाई गई। जांच में पता चला कि अस्पताल का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है। संचालक महेश कुमार राणा से शैक्षणिक दस्तावेज व अस्पताल के पंजीयन प्रमाण-पत्र की मांग की गई, जिसे वह प्रस्तुत नहीं कर पाए। कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया गया। साथ संचालक महेश कुमार राणा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। मानक व नियम को ताक पर रखकर अस्पताल का संचालन किया जा रहा था। गहमर थाना के प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. धनंजय आनंद की तहरीर पर अस्पताल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन की जा रही है।