मासिक बैठक में अनुपस्थित रहने पर सीएमओ ने दो चिकित्सा अधीक्षकों के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश शुक्रवार को दिया। इसकी जानकारी होते ही अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। प्रत्येक माह की 5 और 6 तारीख को स्वास्थ्य विभाग की ओर से समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है जिसमें प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की जाती है।
साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही परेशानियों को दूर करने पर विचार किया जाता है। इस बैठक में जिले के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक भाग लेते हैं। सीएमओ कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में रेवतीपुर और गोड़उर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्साधीक्षकों के अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमपी सिंह ने बताया कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सा अधीक्षक अपने केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं पर पैनी नजर रखें। मरीजों को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले दो अधीक्षकों का एक दिन का वेतन काटा गया है। लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।