कासिमाबाद में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम रमेश मौर्य।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में गेहूं की खरीद जोर पकड़ने लगी है। 16 अप्रैल तक विभिन्न संस्थाओं की ओर से साढ़े आठ सौ कुंतल से अधिक की खरीद कर ली गई है। 16 क्रय केंद्रों पर यह खरीद 22 किसानों से हुई है। शुक्रवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने कई केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिया।
कोरोना के कहर के चलते जिले में गेहूं की खरीद करीब एक पखवारे विलंब से 15 अप्रैल से शुरू हुई है। इस बार निर्धारित लक्ष्य 71500 मीट्रिक टन के सापेक्ष विभिन्न संस्थाओं के 52 क्रय केंद्रों खोले गए हैं। शासन की तरफ से गेहूं का समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। 16 अप्रैल तक सोलह केंद्रों पर 860 कुंतल एवं 90 किग्रा की खरीद 22 किसानों से की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग ने 12 केंद्रों से 528.90 कुंतल, यूपी एग्रो ने दो केंद्रों से 156 कुंतल, पीसीयू एवं कर्मचारी कल्याण निगम ने एक-एक केंद्रों से क्रमश: 25 और 151 कुंतल गेहूं खरीदा है। किसानों को ऑनलाइन टोकन जारी किया जा रहा है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष नंबर 0548-2223080 एवं मोबाइल नंबर 9696289233 है। खरीद के कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला की ओर से आज दिन में जमानिया तहसील क्षेत्र के कई क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिया गया। इस दौरान उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखने को कहा। बताया कि जमानिया स्थित मार्केटिंग, क्रय-विक्रय, पीसीएफ एवं बघरी स्थित पीसीएफ का निरीक्षण किया।