गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के डोढसर गांव के पास शुक्रवार की शाम सिक्स लेन पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने से चालक और उसके सगे भाई की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेज दिया। उधर, घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों के रोने-बिलखने से चहुंओर माहौल गमगीन हो गया।
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र देवा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक सुनील (19) तवाकलपुर डंडापुर से ट्रैक्टर-ट्राली पर ईंट लादकर जा रहा था। ईंट उतारने के लिए उसका छोटा भाई गुड्डू (17) भी बैठा था। चालक डोढसर गांव के सामने निर्माणाधीन सिक्स लेन पर ट्रैक्टर-ट्राली को ले जा रहा था। इसी बीच, वाहन अनियंत्रित होकर ईंट सहित गड्ढे में जा पलटा।
उधर, हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीण घटनास्थल के तरफ दौड़ पड़े और ईंट में दबे दोनों भाईयों को निकालने का प्रयास करने लगे। काफी प्रयास के बाद भी सफलता न मिलने से जेसीबी मंगाकर ईंट को हटवाया गया। इधर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों भाईयों का शव लेकर थाने आई।
मौत की जानकारी मिलते परिजन रोते-बिलखते थाने पहुंच गए और शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। उनके रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की थाने पर भीड़ लग गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष बलवान सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।