जमानिया। कोटिया गांव में बुधवार को सुबह हाई वोल्टेज तार में शाॅर्ट-सर्किट की चिंगारी से खेतों में पककर तैयार करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोटिया गांव के जयप्रकाश कुशवाहा के खेत के ऊपर से गुजर रही 33 केवीए के बिजली तार में सुबह करीब 9:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने लगा। चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेतों में आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपट देख आसपास के खेतों तक फैलने की आशंका देख ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। जयप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि यह घटना अचानक हुई और फसल को बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
गांव के लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जर्जर और लटकते तारों की समय रहते मरम्मत न होने के कारण अक्सर इस तरह की घटनाएं होती हैं।