मरदह। थाना क्षेत्र के मटेहूं पुलिस चौकी के अंतर्गत मटेहूं चट्टी के पास सोमवार की दोपहर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनका संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
मटेहूं पुलिस चौकी प्रभारी फूलचंद पांडेय एसाई सच्चिदानंद पांडेय, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव, होमगार्ड मौला यादव और रामाकांत यादव के साथ चौकी के पास चट्टी पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर में चौकी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दो पशु तस्कर कही भागने की फिराक में है और किसी वाहन की तलाश में मटेहूं चट्टी की तरफ पैदल आ रहे हैं। यह सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। इसी दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। जैसे ही पुलिस उनकी तरफ बढ़ी, वह भागने लगे। इस पर पुलिस ने दौड़कर दोनों को पकड़ लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त हैगरगंज गांव निवासी मुन्ना नंट और फेंकू है। दोनों के खिलाफ विगत मई माह में गोकशी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत है। लगातार दबिश के कारण दोनों फरार चल रहे थे। संबंधित धाराओं में दोनों का चालान कर जेल भेज दिया गया।