रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली नगसर मोड़ पर मंगलवार की रात आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने ट्रक चालक को मारपीट कर 5 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिये। इस संबंध में पीडि़त चालक की ओर से चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
पीडि़त चालक कालिका यादव निवासी बघौरा के मुताबिक मंगलवार की रात उतरौली नगसर मोड़ पर कुछ युवक ट्रकाें को रोककर जबरदस्ती पैसा छीन रहे थे। उसी दौरान बालू लदा ट्रक लेकर जब मैं पहुंचा तो युवकाें ने मुझे नीचे उतार लिया। इसके बाद वह मुझसे रुपये छीनने लगे।
विरोध करने पर युवकाें ने मारपीट शुरू कर दी और जेब से 5 हजार रुपया नगदी तथा मोबाइल लूट लिया। चालक की रिश्तेदारी उतरौली में होने से उसने तत्काल घटना की सूचना अपने रिश्तेदारों को दी। इस पर ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर युवकों की तलाश करने लगे। बाद में पीडि़त चालक रेवतीपुर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले से अवगत कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि मामले के संबंध में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।