दुल्लहपुर। महावीर चक्र विजेता बलिदान रामउग्रह पांडेय का 53 वां बलिदान दिवस पैतृक गांव ऐमावंशी एवं जखनिया रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज के एनसीसी के विद्यार्थियों ने डा. प्रदीप के नेतृत्व में उन्हें श्रद्धांजलि दी।
स्टेशन पर स्थापित प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उत्तर प्रदेश पिछड़ा आयोग के सदस्य मुराहू राजभर और बलिया सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि वीर अमर जवान हमारे देश के गौरव हैं। उनका स्थान सबसे ऊपर है। देश के लिए जो बलिदान हुए हैं उनका सभी को नमन वंदन करना चाहिए। अपने सैनिकों से देश रक्षा की प्रेरणा लेनी चाहिए। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा बलिदान रामउग्रह पांडेय भारत पाक 1971 की जंग में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए बलिदान हो गए थे। उनको मरणोपरांत सेना के द्वितीय सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, पूर्व जिला पंचायत अवधेश यति, हंसराज राजभर, सुधाकर कुशवाहा, रामराज बनवासी, सुनील सिंह, उमाशंकर यादव, प्रशांत सिंह, अजय राय, संतोष मिश्रा, विनय सिंह, प्रमोद पांडेय, पीयूष सिंह, विपुल सहित अन्य मौजूद रहे।
रामचंद्र मिश्रा का बलिदान दिवस मनाया
भांवरकोल। क्षेत्र के रेवसड़ा गांव में शनिवार को रामचंद्र मिश्रा का 53 वां बलिदान दिवस मनाया गया। वर्ष 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में बलिदान हो गए थे। बलिदानी की पत्नी इंद्रावति देवी ने चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा हमारे जिले की पहचान सैनिकों से हैं। सैनिकों का सम्मान होना चाहिए। कर्नल अवनीश गोस्वामी के नेतृत्व में आए आर्मी जवान सूबेदार हरिओम शर्मा, हवलदार अजीत यादव व हवलदार योगेश यादव ने शहीद रामचंद्र मिश्रा के चित्र पर पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। इस अवसर पर पूर्व सैनिक समिति वीरपुर के अध्यक्ष माधव राय, रतनलाल, रमाशंकर, सोनू राय आदि उपस्थित रहे। संचालन विनोद कुमार राय ने किया। रामाश्रय मिश्रा ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। संवाद