रेल सह सड़क पुल पर अभी रेल गार्ड, क्लिप और पैकिंग का काम पूरा नहीं हुआ है
संवाद न्यूज एजेंसी
सुहवल। पहले चरण की चौदह किमी लंबे करीब 1766 करोड़ रुपये की सोनवल से गाजीपुर सिटी स्टेशन तक जाने वाली नई रेल लाइन पर आगामी 25 फरवरी को होने वाले ट्रायल रद्द कर दिया गया है। हालांकि, 28 फरवरी से पहले शेष काम पूरा कर डीजल इंजन का ट्रायल रन होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि रेल सह सड़क पुल पर अभी रेल गार्ड, क्लिप और पैकिंग का काम पूरा नहीं हुआ है। मालूम हो कि पीएम के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था एवं आरबीएनएल पर शुरु से ही दबाव रहा है। इसे पूरा करने के लिए पीएमओ ने तीन बार 2020, 2021 और 2022 मार्च में परियोजना को पूरा करने करने की तारीख निर्धारित किया था, लेकिन परियोजना पूरा नहीं हो सकी।
जिसके बाद एक बार फिर चौथी बार 2023 मार्च की तारीख नियत किया है। इसी के मद्देनजर पिछले दिनों आरबीएनएल के सीएमडी प्रदीप गौर परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे थे।जहां इसके डीजल इंजन से ट्रायल के लिए 25 फरवरी घोषित किया गया था। मगर अधूरी तैयारियों के चलते ट्रायल को आगे बढ़ा दिया गया।
वहीं, रेल मंत्रालय ने सीआरएस के लिए 28 मार्च की तारीख निर्धारित कर दिया है। जिसके बाद से ही रेलवे के अधिकारियों सहित कार्यदायी संस्थानों में अफरातफरी का माहौल है। मालूम हो कि ट्रैक लिंकिंग का काम तो पूरा हो चुका है। लेकिन अभी तक इलेक्ट्रिफिकेशन, सिग्नल पोल,लोकेशन बाक्स,एक्सल काउंटर आदि का काम शेष है।
000
2016 में पीएम मोदी ने रखी अधारशिला
परियोजना की आधारशिला 14 नवंबर 2016 को पीएम नरेंद्र मोदी ने गाजीपुर आकर रखी थी। उस समय 2020 में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन बाढ़, कोरोना आदि के चलते इसमें विलंब हुआ।
000
25 फरवरी को होने वाला डीजल इंजन से ट्रायल अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है, जल्द ही शेष काम पूरा कर परियोजना चालू कर दी जाएगी।
विकास चंद्रा, सीपीएम आरबीएनएल