रेवतीपुर (गाजीपुर)। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के सीपीएम विकास चंद्रा शनिवार की दोपहर सोनवल से घाट जाने वाली करीब दो सौ करोड़ की लागत वाली सात किमी लंबी नई रेल लाइन के निरीक्षण करने पहुंचे। निर्माणाधीन घाट स्टेशन पर उन्होंने चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को सख्त हिदायत दिया कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में नई लाइन का ट्रायल और लोड टेस्टिंग के साथ ही नान इंटरलाकिंग (एनआई) हो सकती है, जबकि छह मार्च को रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे।
सीपीएम मोटो ट्राली से घाट से नई रेल लाइन का विभिन्न जगहों पर निरीक्षण करते हुए सोनवल पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जो भी काम शेष हैं उसे फरवरी तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। मालूम हो कि पहले चरण की सोनवल से सिटी स्टेशन तक करीब 9.600 किमी लम्बी नई रेल लाइन का पिछले वर्ष ही सीआरएस सहित अन्य टेस्टिंग पूरी हो चुकी है।
सीपीएम विकास चंद्रा ने बताया कि सीआरएस होने के बाद यह नया रूट ट्रेन संचालन के लिए तैयार हो जाएगा। बताया कि परियोजना का उद्घाटन मार्च में ही पीएम की ओर से किया जा सकता है। फिलहाल अभी उसकी तारीख निर्धारित नहीं है। इस अवसर पर आरवीएनएल के एजीएम आशुतोष शुक्ला, जीपीटी के वाइस प्रेसिडेंट अश्विनी कुमार, पीडी जीवेश ठाकुर, रितेश, अजय राय, आरके सिंह, पीके सिंह, रिद्धिमान, गौतम सरकार, तपन, मनोज आदि मौजूद थे।