बिरनो (गाजीपुर)। थानाक्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को पेड़ की डाल के नीचे दबने से सहायक अध्यापक की मौत हो गई।
महमूदपुर गांव के निवासी हरकेश यादव (40) प्राथमिक विद्यालय गजपतपुर गांव में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद किसी कागजी कार्यवाही के लिए खंड शिक्षा कार्यालय पहुंचे थे।
इसी दौरान परिसर में लगे चिलबिल के पेड़ की बड़ी टहनी उनके सिर पर गिर गई। टहनी गिरने से गंभीर रूप से घायल हरकेश यादव को मौके पर मौजूद अन्य शिक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साथी शिक्षकों ने बताया कि पेड़ की डाल गिरी तो उसके नीचे और भी शिक्षक थे।
मृतक को छोड़कर संयोग से किसी अन्य चोट नहीं आई है। वहीं पति के मौत की जानकारी मिलते ही रोती-बिलखती व बदहवास पत्नि संगीता देवी को घर की महिलाएं संभालने में लगी हुई थी।
थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उसके मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जाएगी।