जमानिया। नगर स्थित यूनियन बैंक के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 की सड़क पटरी के किनारे लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर सोमवार की सुबह करीब आठ बजे अचानक धू-धू कर जलने लगा। इससे अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली एवं दमकल को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर जलने से संबंधित मुहल्ले के सैकड़ों घर एवं दुकानों की बिजली गुल हो गई। आसपास के लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर में पहले तेज धमाका हुआ और फिर आग लग गई। आग की लपटें कई फीट ऊपर तक उठ रही थी जिससे आसपास के लोग सहम गए और घटना की सूचना दमकल को दी। ट्रांसफार्मर जलने से लोदीपुर मुहल्ला की लगभग 400 घर एवं दुकानों की बिजली गुल हो गई। इस ट्रांसफार्मर से दो बैंक विकासखंड पशु चिकित्सालय नगर पालिका सहित रिहायशी इलाकों को आपूर्ति होती है। इसके जल जाने से पानी का संकट खड़ा हो सकता है। कड़ाके की ठंड के मौसम में पेयजल की समस्या पैदा होने पर लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। इस संबंध में अभियंता इंद्रजीत पटेल ने बताया कि जल्द दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। ट्रांसफार्मर जलने का कारण ओवरलोड बताया।