गाजीपुर। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को क्षेत्रीय ग्राम्य विकास आरटीआई सभागार में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों को ईवीएम की सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुत कर मतदान प्रक्रिया समझाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां देना है, ताकि चुनाव के दिन किसी तरह की असमंजस की स्थिति न बने और मतदान सुचारु रूप से संपन्न हो। प्रशिक्षण के बाद मतदान कार्मिकों का रैंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद 17 अक्तूबर को दोबारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा।