जमानिया-सैदपुर मुख्य मार्ग पर दो दिन से खड़ी मालगाड़ी।
- फोटो : GHAZIPUR
जखनिया। स्थापनीय रेलवे स्टेशन के दक्षिणी केबिन के मुख्य मार्ग पर पिछले तीन दिनों से मालगाड़ी खड़ी है। इसके चलते लोगों का आना-जाना पूरी तरह बंद है। मजबूरन लोग सब्जी मंडी होकर उत्तरी केबिन की तरफ से करीब एक किमी घूमकर जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि आए दिन मालगाड़ी खड़ी कर दिए जाने से लोग परेशान होते हैं। यह मार्ग सैदपुर से मरदह को सीधे जोड़ता है। क्रासिंग पर आए दिन मालगाड़ी खड़ा कर दिया जाता है। मार्ग बंद होने के कारण जखनिया स्थित सब्जी मंडी वाली सड़क से भारी वाहनों का आना-जाना हो रहा है। इस कारण पूरे दिन बाजार के लोग जाम से दो-चार हो रहे हैं। भारी वाहनों के आवागमन से रेलवे की यह सड़क पूरी तरह से धंस गई है। जखनिया के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार गुप्ता, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद वर्मा तथा तहसील संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह तथा स्थानीय व्यापार मंडल ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन जखनिया में मालगाड़ी को खड़ी कर दी जाती है। इस कारण जाम लग जा रहा है। सब्जी मंडी वाली सड़क टूट चुकी है। सहायक स्टेशन मास्टर इनरू राम ने बताया कि कंट्रोल रूम जिस गाड़ी को जहां खड़ी करने का आदेश देता है वहां खड़ा करा दिया जाता है। उधर, क्षेत्रीय रेल यात्री परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्रीराम जायसवाल ने इसकी शिकायत रेल मंत्रालय के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के रेल अधिकारियों को दी। सीनियर डीओएम रोहित गुप्ता ने बताया कि ट्रेन को शीघ्र ही जखनिया स्टेशन से हटा लिया जाएगा। कहा कि लंबी ट्रेन होने की वजह से ऐसी दिक्कत होती है जिसे अभी फिलहाल किसी न किसी स्टेशन पर ही रखा जाएगा।