कार्यालय के गेट से हरी झंड़ी दिखाकर यातायात माह जागरूकता रैली को रवाना करते एसपी विनय कुमार सिं
गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार से यातायात माह की शुरुआत हुई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के माध्यम से निकली रैली में लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। वहीं, पूरे महीने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
रैली पुलिस कार्यालय से शुरू होकर सांसद तिराहा, लंका, विशेश्वरगंज और रौजा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
उन्होंने बताया कि यातायात माह के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों के बीच निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों और बस स्टैंड पर भी अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और नशे में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। व्यावसायिक वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने और सुरक्षित संचालन की जानकारी दी जाएगी। सड़क हादसों में घायलों की मदद, गोल्डन ऑवर और नेक मददगार की भूमिका के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
-