राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत रौजा तिराहे पर सड़क निर्माण कार्य जारी होने से पूरे दिन रूक-रूक कर लग?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। कई सालों से जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर हो रहे मरम्मत कार्य के चलते रौजा तिराहे पर सोमवार को डेढ़ किमी लंबा जाम लग गया। ऐसे में लोगों के आवागमन में दुश्वारियां पैदा हुईं। पुलिस के रूट डायवर्जन न कराने से स्थिति बदतर हो गई। कई घंटे तक लोग जाम में फंसे व्यवस्था को कोसते रहे।
जिला मुख्यालय से गाजीपुर घाट के मध्य दस किमी के अंदर दर्जनों जगह सड़क खोदी गई है। इससे हर समय जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। सर्वाधिक जाम शहर के अंदर ओवरब्रिज-रौजा मार्ग पर तथा बेसो नदी के समीप बन रहे नये पुल के पास लग रहा है। सोमवार को रौजा तिराहे के दोनों तरफ करीब डेढ़ किमी तक लंबा जाम लग गया। देर शाम तक जाम से लोग जूझते रहे। पुलिस की सक्रियता के बाद भी कुछ समय के अंतराल पर जाम लगता रहा। नगरवासियों का कहना है कि मरम्मत के बाद भविष्य में यह मार्ग लोगों को काफी राहत देगा, लेकिन वर्तमान में जाम की दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। सोमवार को गाजीपुर-मऊ, गाजीपुर-जमानिया तथा गाजीपुर-मुहम्मदाबाद-भरौली मार्गो से होकर जिला मुख्यालय के रास्ते वाराणसी समेत अन्य स्थानों तक जाने वाले छोटे-बड़े वाहन जहां-तहां जाम में फंसे रहे। सुबह आठ बजे से जाम का शुरू हुआ सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। दोपहर 11 से 12 बजे के बीच भीषण जाम लग गया। इससे शहर के ओवरब्रिज से लेकर रौजा तिराहे तथा रौजा तिराहे से लेकर एक किमी आगे तक लोग जाम में फंसे रहे। जाम में कई एंबुलेंस, रोडवेज बस, पुलिस के वाहन समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे।
रौजा से ओवरब्रिज के बीच कई जगह जल्दी निकलने के चक्कर में चालकों ने वाहनों को आड़ा-तिरछा कर दिया। जिससे जाम की स्थिति और बदतरन हो गई। हालत यह रही कि पैदल भी जाम से निकल पाना मुश्किल रहा। जाम की खबर मिलते ही यातायात पुलिस के साथ शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवागमन बहाल कराने के लिए घंटों जूझती रही। एक-एक कर वाहनों को आगे के निकाला।
जांच से निबटने के लिए रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया जा रहा है। फिलहाल जो स्थिति है उससे अभी सप्ताहभर तक जाम से छुटकारा मिलना मुश्किल है। बहरहाल, यातायात पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। ताकि कुछ हद तक लोगों को जाम से निजात दिलाई जा सके।
-प्रवीण यादव, यातायात निरीक्षक