गाजीपुर। उप्र उद्योग व्यापार के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को डीएम अविनाश कुमार को पत्रक सौंपा। पत्रक के माध्यम से नगर की समस्याओं को उठाया। विशेष रूप से नगर में बदहाल सड़कों व सीवर प्रोजेक्ट के कारण व्यापार पर पड़ने वाले प्रभावों के मुद्दे को उठाया। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश केशरी ने कहा कि नगर की सभी सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसको लेकर कई बार शिकायत की गई। न तो सड़कों का निर्माण हुआ और न ही गड्ढे भरे गए। उन्होंने कहा कि 10 दिन पहले नगर के मुख्य बाजार लालदरवाजा में मुख्य रास्ता रोक करके सीवर का कार्य शुरू किया गया। यह कार्य कब तक पूरा होगा, यह बताने वाला कोई नहीं है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़कें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। पुलिस व ट्रैफिक व्यवस्था न होने के कारण राहगीरों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हो रही है। नगर के अधिकांश चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई है। सभी विद्यालयों की एक साथ छुट्टी होने के कारण लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। ट्रैफिक संचालन के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए। इन मुद्दों को उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की बैठक में भी उठाया गया था। इस मौके पर प्रिंस अग्रवाल, सुधीर केशरी आदि मौजूद रहे। संवाद