नौरंगाबाद कालोनी अंतर्गत रायगंज के लोग निर्माण के नाम पर तीन माह से खोदकर छोड़े गए नाले के निर्माण के लिए सुजालवपुर चौराहे पर मंगलवार से धरनारत थे। बुधवार को मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम ने नाला का मौका मुआयना करते हुए दस दिनों के अंदर नाला निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। धरना समाप्ति के बाद नाराज लोगों ने नगरपालिका अध्यक्ष का पूतला फूंका।
धरना स्थल पर उपजिलाधिकारी से वार्ता के दौरान समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी ने कहा कि कई बार नगरपालिका परिषद को नाला निर्माण के नाम पर सड़क के बीचो-बीच खोदे गए खतरनाक गड्ढे की जानकारी दी गई, लेकिन पालिका की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया गया। नगरपालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि उनकी हठधर्मिता के चलते नगर के समस्त विकास कार्य बाधित है। कहा कि नगर की गलियों में कूड़ों काअम्बार लगा हुआ है।
एसडीएम द्वारा दस दिन में नाला का निर्माण कार्य शुरु कराए जाने के आश्वासन पर कहा कि अगर निर्धारित समय पर निर्माण कार्य शुरु नहीं कराया गया तो वह पुन: नगरवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही नगरपालिका परिषद का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर विवेक सिंह शम्मी, पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष आसिफ खां, सभासद संजय सिंह, सभासद संदीप श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र सिंह, तुलसी, सैय्यद कासिफ, अमित सिंह आदि रहे।