हाथ में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं ने लगाए देशभक्ति के नारे
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राएंं देश भक्ति के विभिन्न तरह के गगनभेदी नारे लगाते रहे।
नेहरू युवा केंद्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वाधान में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत सदर विकासखंड के कैथवलिया में प्रभात फेरी निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी अविनाश राय ने कहा की भारत की आज़ादी के 75 वर्ष के पूरे होने और आजादी के अमृत महोत्सव का समापन करने के लिए मेरी माटी मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान हमारे देश के शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। कैथवलिया प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक आदि उपस्थित रहे। सबका स्वागत प्रधानाध्यपक रिंकू सिंह और धन्यवाद ज्ञापन नेहरू युवा केंद्र की खुशबू वर्मा ने किया।
कासिमाबाद: कंपोजिट विद्यालय वासुदेवपुर के बच्चों ने अपना माटी अपना देश अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाला। इस तिरंगा यात्रा को खंड शिक्षा अधिकारी कासिमाबाद बीरबल राम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में वासुदेवपुर, शाहपुर उसरी सहित कई गांव के ग्राम प्रधान सम्मिलित हुए।
रेवतीपुर: नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा विद्यालय परिसर से होते हुए गांव के रिंग रोड होते हुए मां भगवती मंदिर से होते हुए स्कूल पर आकर समाप्त ह़ुई। इस दौरान छात्र-छात्राएं देश भक्ति विभिन्न तरह के गगनभेदी नारे लगा रहे। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत प्रधानाचार्य संतोष राय ने सेनानी और पूर्व विधायक विश्वनाथ शर्मा के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर अरुण कुमार राय, संजय राय, विजय प्रताप, आशुतोष कुमार पांडेय, शरद पाठक मौजूद रहे।
गहमर: मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत गहमर इंटर कालेज के बच्चों ने तिरंगा रैली निकाली। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव के मुख्य मार्ग पर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मातृ भूमि की स्वतंत्रता और गौरव की रक्षा के लिए शहीद हुए शहीदों को नमन करते हुए नारे लगाए। रैली विद्यालय से प्रारंभ हुई जो गांव भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई।
सेवराई: स्वर्गीय चंद्रशेखर पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय में पंच-प्रण के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉ. तेज नारायण राय, डॉ. परवेज आलम खान, ध्रुव कुमार सिंह, विनोद ओझा, भूपेंद्र सिंह सहित छात्र-छात्राए मौजूद रहे।