गाजीपुर। नगर पंचायत बहादुरगंज के लोगों के लिए अच्छी खबर है। बेहतर पेयजल आपूर्ति के लिए 51 लाख रुपये में तीन टयूबवेल का निर्माण होगा। शासन की ओर से बजट जारी कर दिया गया है। एक टयूबवेल के निर्माण पर 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बहादुरगंज नगर पंचायत में अब तक लोगों को पेयजलापूर्ति के लिए मशक्कत करनी पड़ती थी। नलों में पर्याप्त शुद्ध जल की आपूर्ति न होने से लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता था। तीन टयूबवेल का निर्माण होने से स्थिति में बदलाव आने की उम्मीद है। बहादुरगंज में वार्ड नंबर 10, 12 व 2 में टयूबवेल का निर्माण होगा। प्रभारी ईओ डीके राय ने बताया कि टयूबवेल के निर्माण को लेकर बहादुरगंज नगर पंचायत प्रशासन की ओर से जनवरी में शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। बजट जारी होने के बाद टयूबवेल के निर्माण के लिए टेंडर कर दिया गया है। एक महीने में टयूबवेल का निर्माण पूरा हो जाएगा। इनके निर्माण से 30 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। साथ ही पेयजलापूर्ति की स्थिति में भी सुधार होगा। लोगों के घरों पर समय से शुद्ध पेयजलापूर्ति संभव होगी। प्रत्येक टयूबवेल की क्षमता 20 हॉर्स पावर होगी।